अयोध्या। राम नगरी अयोध्या की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। अब अयोध्या में मांसाहारी भोजन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध होटल, ढाबा, होम-स्टे और ऑनलाइन खाद्य डिलीवरी सेवाओं पर भी लागू होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह प्रतिबंध 8 जनवरी से तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है। प्रतिबंध केवल स्थानीय दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से मांसाहारी भोजन की डिलीवरी भी पूरी तरह प्रतिबंधित होगी। प्रशासन द्वारा इसकी नियमित निगरानी की जाएगी और प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बता दें कि पंच कोसी परिक्रमा के अंतर्गत चिह्नित क्षेत्र में ऑनलाइन खाद्य सेवाओं द्वारा बार-बार मांसाहारी भोजन की आपूर्ति की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों के मद्देनजर प्रशासन ने राम मंदिर से 15 किलोमीटर के दायरे में मांसाहारी भोजन की बिक्री और आपूर्ति पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।