रायपुर। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर रायपुर में एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। 15 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर सुभाष स्टेडियम में करीब 5 लाख विद्यार्थी और युवा एक साथ, एक ही समय पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन करेंगे।
इस भव्य आयोजन में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विशेष आकर्षण के रूप में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के समय हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की जाएगी।
तैयारियों को लेकर बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम संयोजक दानसिंह देवांगन ने बताया कि रायपुर देश का पहला लोकसभा क्षेत्र होगा, जहां एक साथ और एक ही समय पर 5 लाख युवा वंदे मातरम् का गायन करेंगे।
उन्होंने बताया कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र के स्कूल और कॉलेजों में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान गाए गए देशभक्ति गीतों का विद्यार्थियों द्वारा वाचन भी किया जाएगा।
रायपुर के लिए ऐतिहासिक आयोजन
बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् का यह आयोजन रायपुर के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। यह राष्ट्रगीत आज भी विद्यार्थियों और युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने में पूरी तरह प्रासंगिक है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, निजी विश्वविद्यालय आयोग अध्यक्ष वीके गोयल, पं. रविशंकर विश्वविद्यालय के कुलसचिव एसके पटेल, तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश सिन्हा, आयुष विश्वविद्यालय के कुलसचिव सूरज कुमार साहू सहित शिक्षा, नगर निगम, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।