तमनार हिंसा मामला: महिला पुलिसकर्मी से मारपीट और लूट में पांच आरोपी गिरफ्तार, दो फरार



रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएचपी चौक, लिब्रा में धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, बदसलूकी, अमानवीय व निंदनीय व्यवहार, कपड़े फाड़ने, अभद्रता और लूट की गंभीर घटना में शामिल पांच आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार गहन पतासाजी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में मंगल राठिया, निवासी ग्राम आमगांव, चिनेश खमारी, निवासी ग्राम आमगांव, प्रेमसिंह राठिया, निवासी ग्राम आमगांव, कीर्ति श्रीवास, निवासी ग्राम आमगांव तथा वनमाली राठिया, निवासी ग्राम झरना शामिल हैं।

रायगढ़ पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की, आपत्तिजनक, अमानवीय और निंदनीय कृत्य किए, कपड़े फाड़े, अभद्र व्यवहार किया और लूटपाट की। इस गंभीर घटनाक्रम के संबंध में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 309/25 पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 109, 74, 76, 296, 351(2), 115(2), 221, 132, 309(4), 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गारे–पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान प्रारंभ किए जाने के संबंध में 8 दिसंबर 2025 को धौराभांठा बाजार मैदान में जनसुनवाई आयोजित की गई थी। इसके विरोध में खदान क्षेत्र से प्रभावित 14 गांवों के ग्रामीणों द्वारा 12 दिसंबर 2025 से सीएचपी चौक, लिब्रा में आर्थिक नाकेबंदी के उद्देश्य से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था।

स्थिति को सामान्य करने के लिए 27 दिसंबर 2025 को पुलिस-प्रशासन द्वारा मार्ग खुलवाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया। इस हमले में कई पुलिस जवान घायल हुए। घटना के दौरान प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों द्वारा महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और भद्दी टिप्पणियां भी की गईं, जिससे समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।

महिला पुलिसकर्मी के साथ की गई अमर्यादित और आपत्तिजनक घटना के प्रत्येक पहलू की रायगढ़ पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *