ATR कोर जोन के पास हथियारों के साथ घुसपैठ और फायरिंग, वन विभाग की कड़ी कार्रवाई


मुंगेली। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित कोर जोन से सटे क्षेत्र में हथियार लेकर घुसने और फायरिंग करने के मामले में वन विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने न केवल आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों पर भी कार्रवाई की है।

मामले में तत्काल प्रभाव से संबंधित बैरियर गार्ड को हटा दिया गया है, जबकि क्षेत्र में पदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वन विभाग का कहना है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जिसकी जिम्मेदारी तय की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण को lalluram.com ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद विभाग ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

हथियार लहराने और फायरिंग करने के आरोप में अजीत वैष्णव (26), अनिकेत (27) और विक्रांत वैष्णव (36) को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से दो एयर राइफल और एक टाटा सफारी स्टॉर्म वाहन जब्त किया गया है। तीनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले में हड़कंप मच गया था, जिसके चलते यह प्रकरण चर्चा में आया। ATR के डिप्टी डायरेक्टर ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *