स्क्रैप फैक्ट्री के गोदाम में लगी भीषण आग, अतिक्रमण से दमकल को बुझाने में हुई भारी परेशानी, घंटों की मशक्कत के बाद मिली कामयाबी



इंदौर। शहर के पालदा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक स्क्रैप फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में काले धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार आग समता नगर स्थित नसबी मोहम्मद समीर के गोदाम में लगी थी। आग बुझाने के लिए करीब 10 हजार लीटर पानी और 10 हजार लीटर फोम का इस्तेमाल किया गया। हालांकि आसपास अवैध अतिक्रमण होने के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने और आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

दमकल कर्मियों ने बताया कि इलाके की सड़क अतिक्रमण के कारण काफी संकरी हो गई है, जिससे दमकल वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। शुरुआत में बाहर से ही पाइप डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी प्रयासों के बाद रास्ते से वाहन हटवाकर एक दमकल वाहन को अंदर भेजा जा सका। इसी वजह से आग पर काबू पाने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा। नगर निगम के टैंकरों को भी मौके पर पहुंचने में परेशानी हुई।

स्थानीय जानकारी के अनुसार सड़क की कुल चौड़ाई लगभग 20 फीट है, लेकिन इसमें से करीब 7 फीट हिस्से पर अवैध अतिक्रमण किया गया है। व्यापारियों का कहना है कि यह पूरा क्षेत्र औद्योगिक इलाका है, जहां 60 से 70 फैक्ट्रियां संचालित हैं और करीब 2 से 3 हजार कर्मचारी काम करते हैं। अतिक्रमण के कारण ट्रक और अन्य भारी वाहनों को फैक्ट्री और गोदामों तक पहुंचने में लगातार दिक्कतें होती हैं।

व्यापारियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम को पहले भी कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *