रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्र कुमार अग्रवाल, भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (आईआरपीएस), का चयन संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में अतिरिक्त सचिव के रूप में किया गया है। इस संबंध में केंद्र सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने आदेश जारी किया है। अग्रवाल एसईसीआर बिलासपुर में पदस्थ थे और रेलवे सेवा में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता तथा प्रशासनिक दक्षता के लिए जाने जाते हैं।
संघ लोक सेवा आयोग देश का एक प्रमुख संवैधानिक निकाय है, जो भारत की उच्च सिविल सेवाओं के चयन की जिम्मेदारी निभाता है। अग्रवाल की नियुक्ति न केवल उनकी प्रशासनिक योग्यता का प्रमाण है, बल्कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और बिलासपुर मंडल के लिए भी गौरव का विषय है।
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने अग्रवाल के इस चयन पर गर्व व्यक्त किया है और इसे संगठन के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।