रमेश गुप्ता : भिलाई। वैशाली नगर क्षेत्र के वृंदानगर कैंप-1 में रविवार को एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार मृतकों की पहचान जी. वेंकटरमण मूर्ति (55 वर्ष) एवं उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के शव उनके घर के भीतर संदिग्ध अवस्था में पाए गए।

छोटे भाई ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी मृतक के घर के सामने रहने वाले उनके छोटे भाई जी. माधव राव ने पुलिस को दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
घर के अलग-अलग कमरों में मिले शव
पुलिस जांच में सामने आया है कि विद्यावती का शव मकान के सामने वाले कमरे में पड़ा मिला, जबकि वेंकटरमण मूर्ति का शव अंदर के कमरे में नायलॉन की मोटी रस्सी से बने फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। बताया गया कि मृतक के भाई ने रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा था।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक एवं पुलिस टीम ने विधिवत फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। साथ ही मामले से जुड़े आवश्यक भौतिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
पति-पत्नी के बीच विवाद की भी मिली जानकारी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वेंकटरमण मूर्ति ऑटो चालक के रूप में कार्य करते थे। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर आपसी विवाद होता रहता था। हालांकि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
मौत के कारणों का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।