इंदौर: शहर के प्राणी संग्रहालय (जू) में नए मेहमानों के आगमन से रौनक बढ़ गई है। टाइगर ब्रीडिंग एवं एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत इंदौर जू को शिमोगा जू से आठ नए विदेशी जानवर प्राप्त हुए हैं। इनमें चार बायसन शामिल हैं, जिनके नाम रुद्र, तुलसी, कल्कि और ताप्ती रखे गए हैं। इसके बदले इंदौर जू ने शिमोगा जू को एक टाइगर सौंपा है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जू के प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के साथ इन नए जानवरों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बायसन के अलावा दो जोड़ी शुतुरमुर्ग भी जू में शामिल किए गए हैं, जिससे कुल आठ विदेशी जानवर अब इंदौर जू का हिस्सा हैं।
जल्द दिखेगा जिराफ, बनेगा आकर्षक एक्वेरियम
महापौर ने कहा कि जेब्रा की बेहतरीन देखभाल और सफल प्रजनन के कारण इंदौर जू ने जिराफ प्राप्त करने की पात्रता हासिल कर ली है। आने वाले समय में शहरवासी जिराफ का दीदार कर सकेंगे। साथ ही, उन्होंने बताया कि जल्द ही इंदौर जू में मध्य भारत का सबसे आकर्षक एक्वेरियम स्थापित होगा, जो शहर और प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।