cm yogi adityanath: गोरखपुर के सिविल कोर्ट में आयोजित बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिवक्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वकीलों की भूमिका को लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था का सबसे बड़ा आधार बताया। उन्होंने कहा कि वकील केवल अदालती मुकदमे नहीं लड़ते हैं, बल्कि वे आम जनता के विश्वास और संविधान के प्रहरी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय तभी सही माना जाता है जब वह समय पर और आसानी से हर नागरिक को मिले। इस काम को पूरा करने में वकीलों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने प्रयागराज में बनी लॉ यूनिवर्सिटी का जिक्र करते हुए देश के पहले राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद के योगदान को भी याद किया।
बड़ी साजिशों से रहने की जरूरत
अपने संबोधन में सीएम योगी ने देश की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की 5 सबसे बड़ी आर्थिक ताकतों में शामिल हो चुका है। जल्द ही भारत, अमेरिका और चीन के बीच सीधी प्रतिस्पर्धा होगी। हालांकि भारत की यह तरक्की कुछ देशों को पसंद नहीं आ रही है और वे देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
सीएम ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करके समाज को बांटने की कोशिश हो सकती है। फर्जी खातों के जरिए जाति और भाषा के नाम पर भ्रम फैलाया जा सकता है। ऐसे समय में देश के जागरूक वकीलों को आगे आकर लोकतंत्र और जनता के विश्वास की रक्षा करनी होगी।
