भिलाई। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। पिछले दो दिनों में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाकर 217 दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत ई-चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही सड़कों पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु बनाया गया।
गुरुद्वारा चौक से कुम्हारी टोल प्लाजा तक सघन कार्यवाही
यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुद्वारा चौक से कुम्हारी टोल प्लाजा तक नो पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल हटवाया गया, जिससे यातायात बाधित न हो और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

शहर के प्रमुख चौकों पर भी कार्रवाई जारी
सुपेला, चंद्रा-मौर्या चौक, पावर हाउस, डबरापारा तथा कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार इन स्थानों पर गलत तरीके से पार्क किए गए वाहन अक्सर जाम और सड़क दुर्घटनाओं की वजह बनते हैं। अभियान के दौरान ऐसे वाहनों को हटाने के साथ चालानी कार्रवाई भी की गई।
अवैध अतिक्रमण और सड़क किनारे व्यवसाय पर भी सख्ती
वाहनों के अलावा सड़क पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले ठेले, अवैध अतिक्रमण, गैरेज, वाहन मरम्मत केंद्र तथा सड़क किनारे मैकेनिक का कार्य करने वाले संचालकों को भी हटाया जा रहा है। पुलिस ने उन्हें समझाइश दी है कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या व्यवसाय संचालित न करें, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल ने वाहन चालकों एवं व्यापारियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने तथा सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित, व्यवस्थित एवं जाममुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नो पार्किंग में वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।