भारतीय सिनेमा जगत में स्वर कोकिला के नाम से मशहूर लता मंगेशकर ने अपनी जादुई आवाज से अनगिनत ऐसे गाने गाए हैं, जो आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं. उनके गाए हुए हजारों गानों में से कुछ नगमे ऐसे हैं जिनका जादू आज की पीढ़ी के सिर चढ़कर बोलता है. ऐसा ही एक 60 के दशक का बेहद मशहूर गाना आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है, जिसकी शूटिंग और अंदाज बेहद खास था.
यह गाना साल 1965 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म जब-जब फूल खिले का है. इस रोमांटिक गाने का नाम ये समा, समा है ये प्यार का है, जिसे आनंद बख्शी ने लिखा था और इसका संगीत कल्याणजी आनंद ने तैयार किया था. इस गाने में मशहूर अभिनेत्री नंदा ने सफेद रंग का सैटिन गाउन पहनकर अपनी अदाओं से सबका दिल जीत लिया था. उनके साथ अभिनेता शशि कपूर भी नजर आए थे, जो पूरे गाने में उन्हें बड़े प्यार से निहारते रहते हैं.

इस गाने की सबसे बड़ी खासियत इसकी शूटिंग लोकेशन थी, जिसे कश्मीर की खूबसूरत डल झील के बीच एक हाउसबोट पर फिल्माया गया था. ऐसा माना जाता है कि इसी गाने के बाद से बॉलीवुड की फिल्मों में नाव पर आधारित रोमांटिक दृश्यों का दौर शुरू हुआ था. इस फिल्म का संगीत इतना शानदार था कि इसमें मोहम्मद रफी की आवाज में गाया गया एक अन्य गाना भी काफी लोकप्रिय हुआ था.
लता मंगेशकर की सुरीली आवाज और कश्मीर की हसीन वादियों में फिल्माया गया यह गाना आज भी दर्शकों को मदहोश कर देता है. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म बहुत बड़ी हिट साबित हुई थी और आज भी इसके गाने लोगों को पुराने दिनों की याद दिला देते हैं.