काम पर गए थे कर्मचारी, अचानक गूंजा धमाका और बिछ गईं लाशें

अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामोल से गतराड जाने वाले रास्ते पर स्थित एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते चारों तरफ धुंआ फैल गया। हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 25 कर्मचारी काम कर रहे थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। दुखद बात यह है कि इस धमाके में 8 कर्मचारियों की मौत हो गई है। वहीं करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। फैक्ट्री के आसपास रैपिड एक्शन फोर्स का कैंप है। धमाके की आवाज सुनते ही जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। जवानों ने समय रहते कई लोगों को फैक्ट्री से बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत की। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। मौके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है कि धमाका किस वजह से हुआ।

फैक्ट्री के पास रहने वाले लोग अभी भी दहशत में हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतों तक इसकी आवाज सुनी गई। फिलहाल इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य को तेज कर दिया है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या कुछ और। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *