राजनांदगांव। नगर निगम के टाउन हॉल में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में महापौर मधुसूदन यादव और कलेक्टर जितेन्द्र यादव मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में शहर के सभी पार्षदों के साथ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और इसे जन-जन तक पहुँचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
देश को आत्मनिर्भर बनाएगी यह योजना: महापौर कार्यशाला को संबोधित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के दृष्टिकोण से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह योजना बेहद महत्वपूर्ण है। इससे आने वाले वर्षों में आम जनता को बिजली बिल से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने माना कि यह एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसे सभी को मिलकर पूरा करना है। महापौर ने आह्वान किया कि सभी पार्षद इस योजना में अपना सहयोग दें, अपने घरों में सोलर पैनल लगवाएं और वार्ड के दूसरे नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

बचत से देश का विकास और लापरवाही पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर कलेक्ट जितेन्द्र यादव ने कहा कि यह योजना वर्तमान और भविष्य के लिए ऊर्जा के क्षेत्र में एक बड़ा क्रांतिकारी कदम है। सोलर पैनल लगाने से बिजली बिल की लागत कम होगी और जो बचत होगी, उसका उपयोग परिवार के अन्य जरूरी कामों में किया जा सकेगा। सरकार इस योजना के तहत भारी सब्सिडी देकर लोगों को प्रेरित कर रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राजनांदगांव जिले को ऊर्जा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान रचना है।
सोलर प्लांट पर गणित और मिलने वाली वित्तीय सहायता:
- 3 किलोवाट क्षमता: इस पर सरकार अधिकतम 1 लाख 8 हजार रुपए की वित्तीय सहायता (सब्सिडी) देती है।
- लोन की सुविधा: सब्सिडी के बाद बची हुई शुद्ध राशि 81 हजार रुपए होगी। इसे मात्र 6% वार्षिक ब्याज दर पर लगभग 890 रुपए प्रति माह की आसान किस्त में चुकाया जा सकता है।
- उपभोक्ता अपनी जरूरत के हिसाब से 1 किलोवॉट या 2 किलोवॉट का भी सोलर पैनल लगवा सकते हैं।
कलेक्टर ने बताया कि योजना को आसान बनाने के लिए बैंक, विद्युत विभाग और नगर निगम की टीम मिलकर काम कर रही है। यदि घर में जरूरत से ज्यादा बिजली का उत्पादन होता है, तो उसे ग्रिड को बेचकर अतिरिक्त कमाई भी की जा सकती है।
पोर्टल के जरिए कर सकते हैं आवेदन नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने कार्यशाला में योजना की रूपरेखा सामने रखी और लोगों को इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित के कार्यपालन अभियंता ने तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि उपभोक्ता सीधे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर अपने वेंडर का चयन कर सकते हैं। इसके जरिए ऊर्जा उपभोक्ता अब खुद ‘ऊर्जा दाता’ बन सकते हैं। लीड बैंक मैनेजर मुनिष शर्मा ने लोन और ब्याज दरों से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
अब तक 4000 से अधिक लोग ले चुके हैं लाभ सभागार में उपभोक्ताओं की सुविधा और जानकारी के लिए विशेष स्टॉल भी लगाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि राजनांदगांव जिले में अब तक 4000 से अधिक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठा रहे हैं। इस कार्यशाला में शहर के बड़ी संख्या में पार्षद, एल्डरमैन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर: के एस ठाकुर लोकेशन: राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)