अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका: इमारत ढही, कई लोग घायल, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

अहमदाबाद। गुजरात के खेड़ा जिले के कपडवंज में शनिवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की इमारत कुछ ही सेकंड में भरभराकर गिर गई। हादसे में पांच से छह लोगों के घायल होने की सूचना है। आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

यह हादसा कपडवंज के डंपिंग स्टेशन के सामने स्थित एक इमारत में हुआ, जहां अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम चल रहा था। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। आसपास के गांवों में भी कंपन महसूस किया गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

धमाके के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी मलबा हटाकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं कोई और व्यक्ति अंदर तो नहीं फंसा है।

दो दिन पहले भी पकड़ी गई थी अवैध फैक्ट्री

इस घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो दिन पहले ही खेड़ा की विशेष पुलिस टीम ने वासो गांव में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा किया था। इसके बावजूद कपडवंज में इस तरह की फैक्ट्री का संचालन होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फैक्ट्री के बिना अनुमति संचालित होने की बात सामने आ रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि फैक्ट्री का संचालक कौन था और सुरक्षा नियमों की अनदेखी कैसे हुई।

प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में चल रही अन्य अवैध पटाखा इकाइयों की भी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *