पत्नी-बच्चों को कुल्हाड़ी से काटा, फिर ट्रेन के आगे कूदा; चरित्र शंका में उजड़ा पूरा परिवार

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां पति ने पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह वारदात माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव की है। मृतकों की पहचान रविता कुशवाह (30), उनके बेटे आरव (10) और अतुल (7) के रूप में हुई है। आरोपी बलराम कुशवाह ने वारदात के बाद शिकारपुर रेलवे फाटक के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।

मायके से दो दिन पहले लौटी थी पत्नी

जानकारी के अनुसार, बलराम और रविता के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी कारण रविता अपने मायके कुतवार गांव चली गई थी। पंचायत के बाद दो दिन पहले ही उसे वापस ससुराल लाया गया था। शुक्रवार रात दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान बलराम ने गुस्से में पत्नी और दोनों बच्चों पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह दूधवाले के आने पर खुला राज

शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। दूधवाले के आने के बाद पड़ोसियों ने अंदर झांका तो आंगन में तीनों के खून से लथपथ शव पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ देर बाद पता चला कि बलराम ने भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

पुलिस को मिली खून से सनी कुल्हाड़ी

पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद की है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि रविता ने खुद और बच्चों को बचाने की कोशिश की थी। उसका शव खटिया से काफी दूर मिला। घटना के समय बलराम की मां घर के बाहर सो रही थी, लेकिन उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी।

चरित्र शंका बनी हत्या की वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बलराम अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। कुछ दिन पहले गांव में आयोजित भागवत कार्यक्रम में रविता ने मंच पर नृत्य किया था। इसका वीडियो किसी ने बनाकर बलराम को भेज दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूरे मामले की पड़ताल जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *