एस ठाकुर राजनंदगांव लोकेशन राजनंदगांव
राजनांदगांव। जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए 28, 29 और 30 जून 2026 को जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत राजनांदगांव जिले के कुल 1,11,770 बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसके बाद जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि अभियान के पहले दिन यानी 28 जून को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक पोलियो बूथों के माध्यम से बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद भी जो बच्चे छूट जाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर शत-प्रतिशत कवर किया जाएगा। इस महाअभियान के लिए जिले भर में कुल 447 बूथ बनाए गए हैं और 894 टीमों का गठन किया गया है, जिनकी निगरानी के लिए 89 सुपरवाइजर तैनात रहेंगे।
अभियान की सफलता के लिए मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। ईंट भट्ठों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मदरसों और छात्रावासों जैसे संवेदनशील इलाकों में कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष मोबाइल और ट्रांजिट टीमें गठित की गई हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी (माइकिंग) और दीवार लेखन के जरिए जागरूकता फैलाई जा रही है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित कर मोबाइल नंबर 7744356770 जारी किया है।
इस कार्यशाला में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी, डब्लूएचओ के सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. असिम रियाज खान, प्रभारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक विकास राठौर सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी और ब्लॉक स्तर के प्रबंधक उपस्थित थे। विभाग ने सभी अभिभावकों से अपने 0-5 वर्ष के बच्चों को बूथ पर लाकर पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की है।