रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मंगलवार रात 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने एक ठेकेदार के अकाउंटेंट को सुनसान रास्ते में रोककर चाकू की नोक पर नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है। मंगलवार रात वह सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर करीब 10 लाख रुपये नकद लेकर जा रहा था। इसी दौरान मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के एक सुनसान मार्ग पर बाइक सवार कुछ बदमाशों ने उसका पीछा किया और रास्ता रोक लिया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे डराया-धमकाया और उसके पास मौजूद नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तेज रफ्तार बाइक पर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को नकदी ले जाने की पहले से जानकारी थी। ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात में किसी परिचित या मुखबिर की भूमिका तो नहीं रही।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।