वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हो गया। यहाँ कोटंबी स्टेडियम के पास एक तेज रफ्तार लग्जरी निजी बस खड़े ट्रक से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बालाजी ट्रेवल्स की यह बस राजस्थान के बाड़मेर से सवारियां लेकर सूरत की तरफ जा रही थी। वडोदरा के कोटंबी स्टेडियम के पास अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। सुबह-सुबह हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के मलबे के भीतर ही बुरी तरह फंस गए थे।
NDRF और SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और वडोदरा फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। कटर की मदद से बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए वडोदरा के एसएसजी (SSG) अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
इस भीषण दुर्घटना के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भारी जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया और यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए रूट को डायवर्ट किया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार या ड्राइवर को झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।