कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में सत्ताधारी दल के नेताओं के बीच रेत का विवाद एक खौफनाक हत्याकांड में तब्दील हो गया है। सोनहत तहसील के ग्राम कटगोड़ी (नवगई) में मंगलवार रात करीब 11 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ कुछ लोगों ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को पहले टिपर (भारी वाहन) से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया, और फिर उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस जघन्य वारदात में गाड़ी के भीतर फंसे भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
शीशा तोड़कर बाहर निकल रहे लोगों को पीटा जानकारी के अनुसार, मृतक भरत सिंह अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर से जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने टिपर से उनकी गाड़ी पर कई बार जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के कारण फॉर्च्यूनर के दरवाजे जाम हो गए। जब गाड़ी के भीतर मौजूद लोग शीशा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी आरोपियों ने गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और बाहर निकलने का प्रयास कर रहे लोगों के साथ मारपीट भी की। घटना में घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाजपा नेता ही निकले आरोपी, आईजी पहुंचे मौके पर घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार आरोपियों अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी भी भाजपा से जुड़े हुए हैं। वहीं, तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दोपहर में भी हुई थी झड़प स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक भरत सिंह गहरवार और आरोपी मनोज त्रिपाठी के बीच लंबे समय से रेत उत्खनन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार दोपहर को भी दोनों पक्षों के बीच आपसी झड़प हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी। लेकिन रात होते-होते इस विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे।
कांग्रेस ने साधा निशाना, डिप्टी सीएम ने कहा- होगी सख्त कार्रवाई इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद प्रदेश में सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में सत्ता के संरक्षण में रेत का खूनी खेल चल रहा है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा नेता ही आपस में गैंगवार कर रहे हैं।
दूसरी तरफ, इस मामले पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के आरोपों को दुर्भाग्यजनक बताते हुए कहा कि कांग्रेस घटना का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले की पूरी निष्पक्ष जांच होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।