नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज शुरू होंगी कमर्शियल फ्लाइट्स, पहली उड़ान लखनऊ से पहुंचेगी जेवर

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से 15 जून से नियमित कमर्शियल फ्लाइट सेवाओं की शुरुआत होने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद यात्रियों को अब दिल्ली-एनसीआर के नए एयरपोर्ट से हवाई यात्रा की सुविधा मिलने लगेगी। एयरपोर्ट से सबसे पहली सेवा देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो द्वारा शुरू की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की पहली फ्लाइट रविवार सुबह 7:05 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और सुबह 8:05 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद एयरपोर्ट से पहली नियमित कमर्शियल फ्लाइट बेंगलुरु के लिए रवाना होगी।

उत्तर प्रदेश के लिए बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट

गौतमबुद्ध नगर जिले के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में स्थित यह एयरपोर्ट राज्य सरकार की सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इससे उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख एविएशन, लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी हब के रूप में और मजबूत होगा।

पहले चरण का निर्माण पूरा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण पूरा हो चुका है। इस चरण में एक रनवे, आधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर बनाया गया है। एयरपोर्ट को मार्च 2026 में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से संचालन की अनुमति भी मिल चुकी है।

करीब 1,334 हेक्टेयर में फैले इस एयरपोर्ट की शुरुआती क्षमता सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की है। आने वाले वर्षों में इसे चार चरणों में विकसित किया जाएगा। सभी चरण पूरे होने के बाद यहां पांच रनवे होंगे और सालाना 22.5 करोड़ यात्रियों की क्षमता विकसित की जाएगी।

16 से ज्यादा शहरों से जुड़ेगा एयरपोर्ट

इंडिगो एयरलाइन चरणबद्ध तरीके से नोएडा एयरपोर्ट को लखनऊ, हैदराबाद, अमृतसर, जयपुर, चंडीगढ़, श्रीनगर, पंतनगर समेत 16 से अधिक शहरों से जोड़ने की तैयारी कर रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही रोजगार, निवेश, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी नए अवसर पैदा होंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *