Jagdalpur News: मेकाज में 5.09 किलो के नवजात का जन्म, डॉक्टर भी हुए हैरान

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित मेडिकल कॉलेज डिमरापाल (मेकाज) में एक दुर्लभ मामला सामने आया है। ओडिशा की एक गर्भवती महिला ने 5.09 किलोग्राम वजन वाले स्वस्थ शिशु को जन्म दिया है। मेकाज में अब तक जन्मे बच्चों में यह सबसे अधिक वजन वाले नवजातों में से एक माना जा रहा है, जिसके चलते अस्पताल में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

ओडिशा से रेफर होकर पहुंची थी गर्भवती महिला

मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा के भन्सुली गांव निवासी 25 वर्षीय बांसुडी को सोमवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन उन्हें पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल (मेकाज) रेफर कर दिया। दोपहर के समय महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया।

सिजेरियन डिलीवरी से हुआ शिशु का जन्म

प्रसव पीड़ा बढ़ने के बाद डॉक्टरों ने सिजेरियन ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सफल ऑपरेशन के बाद महिला ने 5.09 किलो वजन वाले पुत्र को जन्म दिया। नवजात का वजन सामान्य बच्चों की तुलना में काफी अधिक होने के कारण डॉक्टरों की टीम भी हैरान रह गई।

एनआईसीयू में रखी गई विशेष निगरानी

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, नवजात को एहतियात के तौर पर 24 घंटे की निगरानी के लिए एनआईसीयू में रखा गया है। वहीं, मां की हालत भी स्थिर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

डॉक्टर कर रहे मेडिकल हिस्ट्री की जांच

इतने अधिक वजन वाले बच्चे के जन्म के बाद डॉक्टरों की टीम महिला की मेडिकल हिस्ट्री और गर्भावस्था से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में कई चिकित्सीय कारण जिम्मेदार हो सकते हैं, जिनका अध्ययन किया जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *