रायपुर, पॉलिटिकल ब्यूरो: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानों के तीखे तीर चलने लगे हैं। कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने के मुद्दे पर पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के बयान पर छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने करारा पलटवार किया है। बघेल ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री खुद ताश के पत्तों की तरह नेताओं को फेंटते रहते हैं और दूसरों को उपदेश दे रहे हैं।
दरअसल, पीएम मोदी ने कांग्रेस शासित राज्यों की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा था कि कांग्रेस पिछले 12 सालों से सिर्फ अराजकता फैलाकर अपने लिए मौके तलाश रही है।
‘हारे हुए को सीएम बनाती है बीजेपी, हमारी चिंता छोड़ें’
भूपेश बघेल ने उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस में क्या हुआ और क्या नहीं, वो छोड़ दीजिए। हम जिस हाल में हैं, खुश हैं। बीजेपी तो चुनाव हारे हुए उम्मीदवार को भी मुख्यमंत्री बना देती है।”
पूर्व सीएम ने प्रधानमंत्री को देश के असल मुद्दों पर घेरते हुए कहा कि मोदी जी को पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों (Fuel Prices in India) पर बात करनी चाहिए, जिससे पूरा हिंदुस्तान परेशान है। खेती-किसानी का सीजन आ गया है, लेकिन खाद और बीज की किल्लत पर सरकार चुप है।
नीट परीक्षा विवाद पर उठाए सवाल
देशभर में चल रहे परीक्षा विवाद को लेकर भी बघेल ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “NEET Exam और CBSE परीक्षा में जो गड़बड़ियां हुई हैं, उन पर प्रधानमंत्री ध्यान क्यों नहीं दे रहे? जब गड़बड़ी की बात मान ली गई है, तो जिम्मेदार मंत्री का इस्तीफा (Demanded Minister Resignation in NEET Scam) क्यों नहीं लिया जा रहा?”
‘रील बनाने के लिए कर्मचारियों को चमकाना बंद करें नेता’
छत्तीसगढ़ में नेताओं द्वारा मंचों से अधिकारियों-कर्मचारियों को डांटने और अपमानित करने के मामले पर भी भूपेश बघेल खुलकर बोले। कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की आंदोलन की चेतावनी का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा, “हर इंसान का अपना मान-सम्मान होता है। अगर किसी कर्मचारी से गलती हुई है, तो कायदे से अनुशासनात्मक कार्रवाई करें। सिर्फ सोशल मीडिया पर रील (Reels on Social Media) चमकाने के लिए सरेआम अधिकारियों को धमकाना-चमकाना बिल्कुल गलत है।”
उन्होंने तंज कसा कि छत्तीसगढ़ के मौजूदा मंत्रियों और विधायकों का यही हाल हो गया है। साथ ही बीजेपी पर चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी वालों को दिन-रात सपने में भी बस मैं ही नजर आता हूँ। अच्छा है कि वे मुझे अपना सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी मानते हैं।
झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए बघेल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बयानों की इस जंग के बीच कांग्रेस आलाकमान ने भूपेश बघेल पर बड़ा भरोसा जताया है। झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव (Jharkhand Rajya Sabha Election) के लिए भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता अजय शर्मा को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC Observer) का ऑब्जर्वर यानी पर्यवेक्षक बनाया गया है।
इस जिम्मेदारी पर बघेल ने कहा, “यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं अभी इसी सिलसिले में दिल्ली जा रहा हूँ, वहाँ से सीधे रांची के लिए रवाना हो जाऊँगा।”