सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन, अंडे फेंके गए, सुरक्षा घेरे में निकाले गए बाहर

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में शनिवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी के दौरे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। घटना कमराबाद इलाके की बताई जा रही है, जहां सांसद एक मृतक पार्टी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी तय कार्यक्रम के तहत शाम करीब साढ़े चार बजे कमराबाद पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही इलाके में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद थे। विरोध कर रहे लोगों में महिलाएं भी शामिल थीं, जिनके हाथों में कच्चे अंडे थे। जैसे ही सांसद इलाके में पहुंचे, प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

भारी विरोध को देखते हुए अभिषेक बनर्जी ने अपनी कार छोड़कर बाइक के जरिए अंदर जाने की कोशिश की। हालांकि, पीड़ित परिवार के घर से कुछ दूरी पहले ही उन्हें रोक लिया गया। इस दौरान भीड़ ने “चोर-चोर” के नारे लगाए और उन पर कच्चे अंडे फेंके गए। स्थिति अचानक बिगड़ गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्र भीड़ ने सड़क पर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी गिरा दिया। हालात को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। सांसद को सुरक्षा के लिहाज से हेलमेट पहनाया गया और सुरक्षा घेरे में वहां से सुरक्षित निकाला गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उनका गुस्सा इलाके की बदहाल सड़क और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से सड़क निर्माण और जल आपूर्ति जैसी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की जाती रही, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है। इसी नाराजगी के चलते सांसद के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन किया गया।

घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हैं। यह घटना एक बार फिर स्थानीय विकास और जनसुविधाओं को लेकर उठ रहे सवालों को सामने ले आई है।

Keywords: Abhishek Banerjee News, Sonarpur Protest, TMC MP Attack, West Bengal Politics, Kamrabad Incident, Protest Against TMC, Bengal Political News, Abhishek Banerjee Sonarpur Visit

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *