मुंबई. बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री में अपने 60 साल पूरे होने का जश्न मनाया है। इस खास मौके पर उनके करियर और उनकी जिंदगी पर आधारित बायोपिक को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी बायोपिक में दीपिका पादुकोण उनका रोल निभा सकती हैं, तो उन्होंने बहुत ही सकारात्मक जवाब दिया।
हेमा मालिनी ने कहा कि अगर दीपिका चाहें तो वह यह भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने दीपिका की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद खूबसूरत और टैलेंटेड बताया। आपको बता दें कि इन दोनों अभिनेत्रियों के बीच एक पुराना और गहरा संबंध है। साल 2015 में जब हेमा मालिनी की जीवनी लॉन्च हुई थी, तो उसे रिलीज करने के लिए उन्होंने दीपिका पादुकोण को ही चुना था।
दीपिका पादुकोण का हेमा मालिनी से रिश्ता काफी पुराना है। अपनी पहली फिल्म ओम शांति ओम में दीपिका ने जो किरदार निभाया था, वह हेमा मालिनी से काफी मिलता-जुलता था। फिल्म में दीपिका के किरदार का नाम शांतिप्रिया था और उसे पर्दे पर ड्रीम गर्ल के रूप में ही दिखाया गया था। 70 और 80 के दशक में हेमा मालिनी खुद ड्रीम गर्ल के नाम से पूरे देश में मशहूर थीं।

हेमा मालिनी ने इस भव्य कार्यक्रम के लिए अपना आभार भी व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा करते हुए लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री में उनके 60 साल पूरे होने का जश्न इतने शानदार तरीके से मनाया गया कि वह हैरान रह गईं। ऑडिटोरियम में मौजूद दर्शक उनकी फिल्मों के गानों में खोए हुए थे और आखिरी समय तक कार्यक्रम में डटे रहे।