अनूप वर्मा, कांकेर। चारामा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा के ब्लॉक अध्यक्ष हिरवेंद्र साहू ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रदेश की वर्तमान सरकार और कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चारामा विकासखंड की बंद पड़ी रेत खदानों को दोबारा चालू किए जाने पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि भाजपा नेताओं और प्रशासन की मिलीभगत अब पूरी तरह उजागर हो चुकी है।

ब्लॉक अध्यक्ष हिरवेंद्र साहू ने एक बड़ा और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीते सप्ताह सांसद भोजराज नाग ने जिन रेत घाटों पर उतरकर खदानों को बंद कराने का नाटक किया था, उस दौरान उनके साथ जो लोग घूम रहे थे, असल में वही लोग क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और अवैध परिवहन के मुख्य सूत्रधार हैं।
सांसद के साथ रहने वाले लोग ही इस काले कारोबार में शामिल हैं और अपने ही लोगों को बचाने व जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए ‘सुशासन तिहार’ के तहत प्रशासनिक अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाने का नाटक रचा गया। इस पूरी नौटंकी का मुख्य उद्देश्य केवल सोशल मीडिया पर रील्स वायरल करवाकर खुद को ‘हीरो’ साबित करना था।
कांग्रेस सरकार में होती थी सख्त कार्रवाई, भाजपा राज में सिर्फ दिखावा
पूर्ववर्ती सरकार से तुलना करते हुए हिरवेंद्र साहू ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब बाकायदा शासन के कड़े नियमों के तहत ही रेत का उत्खनन किया जाता था। यदि कहीं से भी अवैध उत्खनन या परिवहन की शिकायत आती थी, तो प्रशासन बिना किसी भेदभाव के उस पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करता था। लेकिन आज भाजपा की सरकार में चारों तरफ खुलेआम अवैध उत्खनन चल रहा है, और कार्रवाई के नाम पर केवल दिखावा और नौटंकी की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आज प्रदेश में भाजपा की सरकार बैठी हुई है और पूरा प्रशासनिक अमला उनके आदेशों पर काम कर रहा है। ऐसे में सांसद को रेत घाटों पर जाकर इस तरह का ड्रामा करने की क्या आवश्यकता थी? यदि वे वास्तव में अवैध रेत उत्खनन को रोकना चाहते, तो अधिकारियों को कड़े निर्देश देकर इसे हमेशा के लिए बंद करवा सकते थे। लेकिन, सांसद और उनके कार्यकर्ताओं द्वारा बार-बार केवल जनता को गुमराह करने और सुर्खियां बटोरने के लिए यह सब ढोंग रचा जा रहा है।
सांसद की इस तथाकथित कार्रवाई के महज कुछ ही दिनों बाद चारामा की रेत खदानें दोबारा पूरी तरह से चालू हो गई हैं, जिससे यह साफ हो जाता है कि वह कार्रवाई सिर्फ एक छलावा थी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि जनता की आंखों में धूल झोंकने की यह राजनीति बंद नहीं हुई और क्षेत्र के संसाधनों का इसी तरह दोहन होता रहा, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हक के लिए सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।