बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

अरविन्द मिश्रा, बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस को अपराध अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन मिली है। अब गंभीर अपराधों, मर्ग और अन्य प्रकरणों की जांच में घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण और सैंपलिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे जांच प्रक्रिया में तेजी आने के साथ-साथ साक्ष्यों की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।

पुलिस लाइन बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन एक चलता-फिरता वैज्ञानिक प्रयोगशाला के रूप में कार्य करेगी, जो जघन्य अपराधों और संवेदनशील मामलों में मौके पर ही वैज्ञानिक जांच करने में सक्षम होगी।

इस हाईटेक मोबाइल लैब में अत्याधुनिक कैमरे, सूक्ष्मदर्शी और डेटा विश्लेषण उपकरण लगाए गए हैं। इसके माध्यम से डिजिटल डेटा रिट्रीव करने और घटनास्थल से जुटाए गए जैविक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों की तत्काल जांच संभव हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इससे अपराधियों तक तेजी से पहुंचने और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

पुलिस विभाग के अनुसार, अब फॉरेंसिक टीम को हर छोटे-बड़े सैंपल के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। घटनास्थल पर ही प्रारंभिक परीक्षण होने से समय की बचत होगी और जांच अधिक प्रभावी बन सकेगी।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, वैज्ञानिक अधिकारी राजीव कुमार, रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रणाली वैद्य सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *