राजेश खन्ना, नारायणपुर, मुंगेली | 23 मई 2026। जिले के नारायणपुर ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत अमृत सरोवर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। तालाब निर्माण से गांव में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ही ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है।

ग्राम पंचायत के सरपंच श्री सनत कांत ने बताया कि अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में तालाब का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी स्वीकृत लागत करीब 17 लाख रुपये है। पिछले दो महीनों से निर्माण कार्य जारी है और अब तक लगभग 70 प्रतिशत खुदाई का कार्य पूरा हो चुका है। तालाब की गहराई 7 फीट रखी गई है, ताकि गर्मी के मौसम में भी पानी संरक्षित रह सके।

मनरेगा के तहत इस कार्य में बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मिला है। वर्तमान में करीब 100 पंजीकृत मजदूर कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 50 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। मजदूर चंदकली ने बताया कि पहले रोजगार के लिए शहर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही काम मिलने से परिवार की जिम्मेदारियां आसानी से संभल रही हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना 261 रुपये की मजदूरी मिलने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं हो रही।
रोजगार सहायक श्री श्रवण कुमार ने बताया कि अमृत सरोवर बनने से आसपास के क्षेत्र का भूजल स्तर बढ़ेगा और करीब 40 से 50 एकड़ कृषि भूमि को रबी फसल के लिए सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा मवेशियों के लिए पेयजल और भविष्य में मछली पालन की संभावनाएं भी विकसित होंगी।
तकनीकी सहायक श्री भूपेंद्र देवांगन के अनुसार निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। तालाब के किनारों पर पिचिंग, वाल पिचिंग और पौधरोपण का कार्य भी योजना में शामिल है। इससे आने वाले समय में यह क्षेत्र आकर्षक स्थल के रूप में विकसित हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के किनारे स्थित प्राचीन शिव मंदिर का ऐतिहासिक महत्व भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मंदिर छठी शताब्दी का माना जाता है और खजुराहो कालीन स्थापत्य शैली से जुड़ा बताया जाता है।
निर्माण कार्य का जायजा लेने जनप्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि भी समय-समय पर पहुंच रहे हैं तथा कार्य की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।