रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार दूसरे दिन प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह 10 बजे के बाद ही धूप का असर तेज हो जा रहा है, जबकि दोपहर होते-होते लू चलने लग रही है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग समेत कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को प्रदेश का सबसे गर्म इलाका दुर्ग रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 44.2 डिग्री, बिलासपुर में 44 डिग्री और जगदलपुर में 42.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ रहा है। लोगों को रात में भी उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि अंदरूनी ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा तक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं उत्तर पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टमों के कारण फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
हालांकि बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के मध्य हिस्सों में 29 मई के बाद मौसम बदल सकता है। तब तक प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
रायपुर में शनिवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।