फीस बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, कहा- “शिक्षा पर महंगाई की मार बर्दाश्त नहीं”

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूलों की बढ़ती फीस और निजी स्कूलों की कथित मनमानी के खिलाफ शुक्रवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष श्री कुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसे हालात में जहां स्कूल फीस कम होनी चाहिए, वहीं फीस में वृद्धि कर आम और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी स्कूलों का एक “माफिया तंत्र” प्रदेश में सक्रिय है, जो फीस के अलावा ड्रेस, विभिन्न गतिविधियों और अन्य मदों के नाम पर अभिभावकों से अतिरिक्त वसूली कर रहा है।

जिला अध्यक्ष श्री कुमार शंकर मेनन ने कहा कि स्कूल ड्रेस तक एक तय गठजोड़ के तहत महंगे दामों में बेची जा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई तो कई बच्चों को पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर होना पड़ेगा और ड्रॉप आउट की स्थिति बढ़ सकती है।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि निजी स्कूल एसोसिएशन द्वारा पहले आरटीई के तहत प्रवेश देने से इनकार करने के फैसले से हजारों बच्चों और अभिभावकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में फैसला वापस ले लिया गया, लेकिन इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई। मेनन ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा लाई गई आरटीई योजना गरीब बच्चों को शिक्षा का अधिकार देने की दिशा में बड़ी पहल थी, लेकिन वर्तमान स्थिति में नर्सरी से पीपी-2 तक के बच्चों को भी आरटीई का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की है कि स्कूल फीस वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए, अतिरिक्त वसूली पर रोक लगे और गरीब विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो इसके लिए सरकार ठोस कदम उठाए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *