बिलासपुर: NTPC सीपत की रेल लाइन पर मिली ठेका कर्मचारी की लाश, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

रेशमा लहरे, बिलासपुर । बिलासपुर के सीपत में स्थित एनटीपीसी (NTPC) परियोजना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ गुरुवार सुबह एक ठेका कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। कर्मचारी का शव एनटीपीसी की एमजीआर (MGR) रेल लाइन पर पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह गश्त के दौरान CISF जवानों ने देखा शव

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे एनटीपीसी सीपत की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ (CISF) के जवान रोज की तरह गश्त पर निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर एमजीआर रेल लाइन पर पड़ी, जहाँ एक युवक लहूलुहान हालत में मृत पड़ा था। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना सीपत थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब शव की तलाशी ली, तब उसकी पहचान हो सकी।

बिहार का रहने वाला था मृतक, ठेका कंपनी में था स्टाफ

मृतक की शिनाख्त अमृतांशु सिंह (पिता धनंजय सिंह) के रूप में की गई है। वह मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवाई का रहने वाला था। अमृतांशु यहाँ एनटीपीसी सीपत के स्टेज-3 निर्माण कार्य में लगी मेसर्स आरवीपीआर (RVPR) एजेंसी में बतौर स्टाफ काम कर रहा था। इस दर्दनाक घटना के बाद से एनटीपीसी के अन्य कर्मचारियों और मजदूरों में शोक की लहर दौड़ गई है।

सुसाइड या हादसा? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या (Suicide) का लग रहा है। हो सकता है कि युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी हो। हालांकि, पुलिस हत्या और हादसे समेत सभी एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।”

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *