रेलवे भर्ती घोटाला: रायपुर और बिलासपुर रेल मंडल में CBI की बड़ी दबिश, खेल कोटे में फर्जीवाड़े का भंडाफोड़, दो कर्मचारी गिरफ्तार, लाखों कैश बरामद

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के रेलवे महकमे से इस वक्त की बेहद सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर और बिलासपुर रेल मंडल कार्यालयों में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने एक साथ धाबा बोला है। खेल कोटे (Sports Quota) से हुई भर्तियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की शिकायत पर सीबीआई ने यह बड़ी कार्रवाई की है। कई घंटों की छानबीन और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद टीम ने दो कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।


सुबह-सुबह डीआरएम दफ्तर पहुंची टीम, मंचा हड़कंप

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जब दफ्तरों में काम शुरू ही हुआ था, तभी सीबीआई की गाड़ियां रायपुर और बिलासपुर के डीआरएम (DRM) कार्यालयों के बाहर आकर रुकीं। सीबीआई अफसरों को देखते ही पूरे दफ्तर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। खेल कोटे के तहत की गई नियुक्तियों में नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने, फर्जी सर्टिफिकेट लगाने और अयोग्य कैंडिडेट को पैसे लेकर नौकरी देने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद दिल्ली के निर्देश पर यह छापा मारा गया।

दुर्ग और रायपुर से दो गिरफ्तार, घर से मिला लाखों का कैश!

सीबीआई की टीम ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। टीम ने बी. राजशेखर राव को दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन स्थित उनके सरकारी आवास से उठाया। वहीं दूसरी आरोपी महिला कर्मचारी रामा लक्ष्मी को रायपुर स्थित डीआरएम ऑफिस से ही हिरासत में लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के ठिकानों की कई घंटों तक तलाशी ली गई, जिसमें लाखों रुपये कैश और भर्ती से जुड़े कई बेहद संवेदनशील और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।


बड़े अफसरों पर भी गिरेगी गाज, हो सकते हैं कई बड़े खुलासे

सीबीआई के अधिकारियों ने रेलवे के भर्ती सेल (Recruitment Cell) की फाइलों और कंप्यूटरों को अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि इस खेल कोटे की भर्ती के पीछे एक बहुत बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि बिना किसी बड़े अधिकारी की मिलीभगत के इतना बड़ा फर्जीवाड़ा मुमकिन नहीं है। माना जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए दोनों कर्मचारियों से पूछताछ के बाद इस रैकेट से जुड़े रेलवे के कई बड़े अफसरों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *