राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, दो कोच जलकर खाक; यात्रियों में मची अफरा-तफरी

नई दिल्ली/रतलाम। दिल्ली की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच हुआ, जहां ट्रेन के बी-1 कोच में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने दूसरे कोच को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) रतलाम से रवाना हुई थी। सुबह करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच ट्रेन के बी-1 कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया। गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया।

रेलवे कर्मचारियों और स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और दूसरे कोचों में शिफ्ट किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेलवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दो कोच पूरी तरह जल चुके थे।

घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेल रूट पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है।

रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सुबह 5:20 बजे कोटा कंट्रोल से आग लगने की सूचना मिली थी। हादसा कोटा रेल मंडल के अंतर्गत हुआ है। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और टावर वैगन रवाना की गई। रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार भी मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन और पुलिस बल भी घटनास्थल पर मौजूद रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *