रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शासकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर पर पड़ोस में रहने वाली युवती ने अश्लील मैसेज भेजने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है। इस बात से नाराज युवती ने अपने होने वाले पति के साथ कॉलेज पहुंचकर प्रोफेसर की पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डेढ़ साल से अश्लील मैसेज भेजने का आरोप
शासकीय महाविद्यालय कुंजारा (लैलूंगा) में पदस्थ प्रोफेसर रेमन भार्गव पर उनके पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया है कि प्रोफेसर पिछले डेढ़ साल से उसे व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर आपत्तिजनक मैसेज भेज रहे थे। युवती का कहना है कि प्रोफेसर उस पर संबंध बनाने का दबाव भी बना रहे थे, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी।
कॉलेज परिसर में हुआ विवाद और मारपीट
प्रोफेसर की हरकतों से तंग आकर युवती अपने मंगेतर के साथ सीधे कॉलेज परिसर पहुंची। वहां प्रोफेसर से बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर युवती ने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है।
पीड़िता ने मांगी निष्पक्ष जांच
युवती का कहना है कि उसे इस मामले में न्याय चाहिए और यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वह अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। इसके साथ ही उसने अन्य पीड़ित लड़कियों से भी सामने आने और उसका साथ देने की अपील की है ताकि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस शिकायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता
लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव के अनुसार, युवती ने प्रोफेसर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। पुलिस का कहना है कि समझौते के कारण इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। फिलहाल वायरल वीडियो और आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।