छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; आंधी-बिजली का अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में आषाढ़ जैसी झमाझम बारिश हुई। तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई जगहों पर पेड़ गिरने से जनजीवन प्रभावित भी हुआ।

रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और जशपुर समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे यातायात बाधित रहा। कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। रविवार सुबह तक कई जगहों पर गिरे पेड़ नहीं हट पाए थे।

सोमवार से फिर बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्सों में सोमवार से मौसम साफ होने लगेगा। आसमान खुलने के बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी। मई के आखिरी सप्ताह तक कई जिलों में लू चलने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आने और तेज गर्मी के कारण लोकल वेदर सिस्टम एक्टिव हुआ। इसी वजह से प्रदेश में कई जगह बारिश और अंधड़ की स्थिति बनी।

मानसून की एंट्री के लिए अनुकूल माहौल

मौसम विभाग के अनुसार अंडमान-निकोबार क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और पश्चिमी विक्षोभ के असर से दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

प्रदेश में रविवार को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने नारायणपुर, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा और बलरामपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

रायपुर में रविवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *