रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वे कल यानी 17 मई की रात को राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। उनके इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर रायपुर से लेकर बस्तर तक हलचल तेज हो गई है। प्रशासन और पुलिस विभाग सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

तय कार्यक्रम के मुताबिक गृहमंत्री अमित शाह 17 मई की रात ठीक 08:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे नवा रायपुर के एक निजी होटल के लिए रवाना होंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी 18 मई की सुबह करीब 10:30 बजे वे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। अमित शाह छत्तीसगढ़ पुलिस की डायल 112 सेवा के बेड़े में शामिल हो रही नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे प्रदेश में आपातकालीन पुलिस सेवा और मजबूत होगी।
रायपुर का कार्यक्रम निपटने के बाद दोपहर 12:20 बजे गृहमंत्री शाह सीधे जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे। बस्तर संभाग के इस प्रमुख शहर में उनका व्यस्त शेड्यूल है। जगदलपुर पहुंचने के बाद वे सबसे पहले नेतानार गांव जाएंगे, जहां वे ग्रामीणों के लिए बने नए जनसुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। शाम के वक्त वे जगदलपुर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित एक स्थानीय लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेंगे। इस दिन उनका रात्रि विश्राम जगदलपुर में ही होगा।
दौरे के आखिरी दिन यानी 19 मई को सुबह 11 बजे से जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की एक अहम बैठक होने जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के विकास और सुरक्षा से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक खत्म होने के बाद गृहमंत्री की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रखी गई है, जिसमें वे मीडिया से बात करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 03:40 बजे वे जगदलपुर एयरपोर्ट से सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री के इस वीवीआईपी दौरे को देखते हुए रायपुर और बस्तर दोनों ही जगहों पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। जगदलपुर और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात कर दी गई है।