कांकेर में युवक से 21.30 लाख रुपए कैश बरामद, दस्तावेज नहीं दिखाने पर पुलिस ने की जब्ती

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के पास से 21 लाख 30 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं। युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता मिला था। पूछताछ के दौरान वह रकम से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरी रकम जब्त कर ली।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में कैश लेकर संदिग्ध हालत में इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।

जांच के दौरान युवक ने अपना नाम मोहम्मद मुस्ताक (36) निवासी संतोषी नगर टिकरापारा रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद ग्रे और काले रंग के बैग से बड़ी मात्रा में नगदी बरामद हुई। बैग में 500 रुपए के 42 बंडल और 100 रुपए के 3 बंडल मिले। गिनती करने पर कुल रकम 21 लाख 30 हजार रुपए निकली।

पुलिस ने युवक से रकम के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने आशंका जताई कि रकम का इस्तेमाल किसी अवैध गतिविधि में किया जा सकता है। इसी आधार पर धारा 106 बीएनएसएस के तहत रकम जब्त कर ली गई।

पुलिस ने पूरे मामले में विधिवत जब्ती पंचनामा तैयार किया है। साथ ही नगदी के संबंध में विस्तृत जांच के लिए आयकर विभाग रायपुर को भी पत्र भेजा गया है। अब आयकर विभाग और पुलिस दोनों स्तर पर मामले की जांच आगे बढ़ेगी।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी, आरक्षक ईश्वर साहू, रोशन राठौर, साइबर सेल प्रधान आरक्षक सचिन शोरी और आरक्षक भाकेश पटेल की अहम भूमिका रही।

कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी करते हुए कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *