रायपुर। छत्तीसगढ़ की आपातकालीन सेवा ‘डायल-112’ अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और तेज होने वाली है। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश के लिए 400 से अधिक नई गाड़ियां सड़कों पर उतरने को तैयार हैं। इन नई गाड़ियों का लोकार्पण खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। वे 18 मई को अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जनता की सेवा में समर्पित करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, इन 400 से अधिक वाहनों को बेहद आधुनिक बनाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इनमें हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो घटनास्थल की लाइव फीड कंट्रोल रूम तक पहुंचा सकेंगे। इसके अलावा, इन गाड़ियों में जीपीएस ट्रैकिंग और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जरूरी मेडिकल किट और अन्य उपकरण भी मौजूद हैं। नई गाड़ियां आने से पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम (पहुंचने का समय) और भी कम हो जाएगा।