दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 लाख मूल्य की 15 हजार लीटर शराब का किया गया नष्टीकरण

रमेश गुप्ता
दुर्ग… विभिन्न थाना एवं चौकी परिसरों में पिछले कई वर्षों से जप्त कर रखी गई अवैध शराब के नष्टीकरण की बड़ी कार्रवाई शुक्रवार को की गई। विशेष अभियान के तहत करीब 15 हजार लीटर से अधिक मदिरा को नियमानुसार नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से थानों के मालखानों में रखी शराब के कारण स्थान की भारी कमी हो रही थी, वहीं दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी लगातार बढ़ रही थीं।


10 वर्षों से मालखानों में रखी थी शराब
जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी परिसरों में आबकारी एक्ट और अन्य प्रकरणों में जप्त मदिरा पिछले लगभग 10 वर्षों से रखी हुई थी। न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब इन मामलों में शराब नष्टीकरण की कार्रवाई की गई।
थानों में भारी मात्रा में रखी शराब के कारण पुलिस कर्मचारियों को कार्य करने में परेशानी हो रही थी। साथ ही आम नागरिकों और प्रार्थियों को भी दुर्गंध के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
विशेष समिति की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
दुर्ग पुलिस द्वारा गठित विशेष समिति एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में शुक्रवार 15 मई 2026 को यह कार्रवाई की गई।
माननीय न्यायालय से अनुमति प्राप्त होने के बाद कुल 480 प्रकरणों में जप्त लगभग 15119.976 बल्क लीटर मदिरा का विधिसम्मत तरीके से नष्टीकरण किया गया।
पुलिस ने बताया कि नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹65 लाख है।


थानों में अब मिल सकेगा अतिरिक्त स्थान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मालखानों में वर्षों से रखी शराब हटने के बाद थाना परिसरों में अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा। इससे रिकॉर्ड संधारण एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।
साथ ही दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियानात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सतत निगरानी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि लगभग 15119.976 बल्क लीटर मदिरा अनुमानित कीमत 65 लाख रुपए है l इस पूरी कार्रवाई में जिले के समस्त थाना एवं चौकी पुलिस स्टाफ, न्यायालयीन शाखा, आबकारी विभाग तथा संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण एवं समन्वित भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *