रमेश गुप्ता भिलाई । सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कुम्हारी टोल प्लाजा के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कार सवार युवकों ने पुलिस द्वारा रोकने का संकेत मिलने पर वाहन रोकने के बजाय आरक्षक को ही कुचलने का प्रयास कर दिया। मामले में पुलिस ने पीछा कर नागपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ब्लैक फिल्म लगी कार देखकर पुलिस को हुआ शक
जानकारी के अनुसार शुक्रवार 15 मई 2026 को यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। ड्यूटी में सउनि सुशील पाण्डेय के साथ आरक्षक रमेश चंद्राकर रायपुर से दुर्ग मार्ग पर तैनात थे। दोपहर करीब 12:40 बजे रायपुर की ओर से आ रही वाहन क्रमांक MH 02 AY 3475 तेज रफ्तार में दिखाई दी। कार में ब्लैक फिल्म लगी होने के कारण पुलिस ने वाहन को रोकने का संकेत दिया।
वाहन रोकने के बजाय आरक्षक पर चढ़ाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार की गति और बढ़ा दी तथा सीधे आरक्षक रमेश चंद्राकर की ओर वाहन मोड़ दिया। खुद को बचाने के प्रयास में आरक्षक नीचे गिर गए और उनके दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई।
बताया गया कि आरोपियों ने वाहन को आरक्षक के सिर के ऊपर चढ़ाने की भी कोशिश की, लेकिन सतर्कता के चलते उन्होंने पीछे हटकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस जवानों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने पीछा कर सिरसा गेट के पास दबोचा
घटना के तुरंत बाद यातायात पुलिस टीम ने सरकारी वाहन से कार का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद सिरसा गेट के पास कार को घेरकर रोक लिया गया।
वाहन में दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान रमजान निवासी न्यू नेहरू नगर, नागपुर तथा जाकिर मोहम्मद निवासी बड़ा ताजबाग, सक्करदारा, नागपुर के रूप में बताई।
हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज
मामले में थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 144/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 221, 3(5) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 100 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन MH 02 AY 3475 को जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
युवतियों के परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस के मुताबिक वाहन में मौजूद दोनों युवतियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनसे पूछताछ कर बयान लिए जा रहे हैं। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना
पूरी कार्रवाई में यातायात पुलिस दुर्ग के सउनि सुशील पाण्डेय, आरक्षक रमेश चंद्राकर एवं वाहन चेकिंग ड्यूटी में तैनात पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सके और समय रहते गिरफ्तार कर लिए गए।
कुम्हारी टोल प्लाजा पर सनसनी : वाहन चेकिंग के दौरान आरक्षक को कुचलने का प्रयास, नागपुर के दो आरोपी गिरफ्तार

15
May