4 किलो गांजे के साथ एक्टिवा सवार युवक गिरफ्तार, खुर्सीपार पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रमेश गुप्ता भिलाई। नशे के कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में खुर्सीपार थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 198 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए कीमत का गांजा, बिक्री की नकदी और एक एक्टिवा वाहन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27ए के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर रोड स्थित बिहारी मोहल्ला के सामने नहर पार क्षेत्र में एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी में मिला 4.198 किलो गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरिशंकर यादव उर्फ जुगनु यादव (24 वर्ष) निवासी दुर्गा मंदिर के पास, खुर्सीपार, भिलाई बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4 किलो 198 ग्राम गांजा, बिक्री के 300 रुपए नकद तथा एक एक्टिवा वाहन बरामद हुआ। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया।

नशे के कारोबार से कमा रहा था अवैध मुनाफा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से गांजा बेचकर आर्थिक लाभ कमा रहा था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
खुर्सीपार थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27ए के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *