बिलासपुर: विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना और हत्या का आरोप

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बेलगहना थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतका की पहचान दीक्षा कुशवाहा उर्फ पुनीता के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष का दावा है कि दीक्षा की मौत पलंग से गिरकर हुई है, जिसे मायके वालों ने पूरी तरह सिरे से खारिज कर दिया है।

ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप

मृतका के परिजनों का कहना है कि दीक्षा को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने बताया कि दीक्षा ने मौत से कुछ समय पहले अपने भाई को फोन कर ससुराल में हो रही दिक्कतों की जानकारी दी थी। इसके बाद पिछले दो दिनों से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। जब भाई ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो ससुर ने बात कराने से साफ मना कर दिया। कुछ ही देर बाद ससुराल वालों ने सूचना दी कि पलंग से गिरकर दीक्षा की जान चली गई है।

पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग बेलगहना पहुंचे और पुलिस को गहरी साजिश का अंदेशा जताया। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जांच की लिखित मांग की है। परिजनों का आरोप है कि दीक्षा के सास-ससुर उसे लगातार परेशान करते थे और यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।

पुलिस कर रही है जांच

बेलगहना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मृतका और उसके ससुराल वालों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। गांव के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *