रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस साल एक ऐतिहासिक मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। बीसीसीआई द्वारा जारी नए शेड्यूल के अनुसार अक्टूबर में भारतीय महिला टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज रायपुर में खेलेगी।
यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है क्योंकि अब तक इस मैदान पर केवल पुरुष टीम ने ही अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। यह पहली बार होगा जब दुनिया की दिग्गज महिला क्रिकेटर रायपुर की पिच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाली यह सीरीज द्विपक्षीय क्रिकेट के इतिहास में काफी खास है। दोनों देश पहली बार इस तरह की सीरीज में एक-दूसरे का सामना करेंगे। इससे पहले उनके बीच मैच केवल आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट या क्वालिफायर तक ही सीमित थे।
जिम्बाब्वे की महिला टीम का यह पहला भारत दौरा होगा। इस दौरे के तहत कुल 6 मुकाबले खेले जाएंगे। सीरीज की शुरुआत वडोदरा में तीन वनडे मैचों से होगी और उसके बाद रायपुर में तीन टी20 मैचों का आयोजन होगा। भारतीय महिला टीम ने भी अब तक जिम्बाब्वे का दौरा नहीं किया है जिससे यह सीरीज दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों के लिए नई शुरुआत मानी जा रही है।
बीसीसीआई का यह फैसला महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अधिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम है। साल 2027 में श्रीलंका में होने वाली महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम के लिए यह सीरीज अभ्यास का अच्छा मौका साबित होगी। रायपुर का स्टेडियम अपनी बड़ी क्षमता और वर्ल्ड क्लास सुविधाओं के लिए जाना जाता है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों का आयोजन छत्तीसगढ़ में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगा। स्थानीय प्रशंसकों में इस ऐतिहासिक सीरीज को लेकर अभी से काफी उत्साह देखा जा रहा है।