स्कूल के सामने मौत का गड्ढा! जिम्मेदारों की चुप्पी से बढ़ा खतरा, छात्र-छात्राएं परेशान

भानुप्रतापपुर। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम एवं हिंदी मीडियम हाई स्कूल-हायर सेकेंडरी स्कूल भानुप्रतापपुर के मुख्य द्वार के सामने नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन कार्य करने वाले ठेकेदार द्वारा कई दिनों पहले सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। गड्ढों की समुचित भराई नहीं किए जाने के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है और वहां बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कई विद्यार्थी साइकिल और स्कूटी से इन गड्ढों में फंसकर गिर चुके हैं। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जबकि संबंधित विभाग और प्रशासन भी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्कूल के मुख्य प्रवेश मार्ग की ऐसी स्थिति होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत कराने तथा जिम्मेदार ठेकेदार पर कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर प्रशासन और जनप्रतिनिधि कब जागेंगे? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही इस समस्या का समाधान होगा, या फिर विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई की जाएगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *