शराब पीने के दौरान हुए विवाद में युवक की सब्बल मारकर हत्या, 6 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता भिलाई । नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक की हत्या की गुत्थी दुर्ग पुलिस ने महज छह घंटे में सुलझा ली। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में मुख्य आरोपी ने सब्बल से सिर पर लगातार वार कर युवक की हत्या कर दी थी।
एडिशनल एसपी मनी चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन शरीर पर बने गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान ग्राम पथरिया निवासी 18 वर्षीय चेतन ठाकुर के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। जांच में पता चला कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे गुरुवार रात एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुए विवाद में सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
एडिशनल एसपी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की नीयत से हत्या में प्रयुक्त सब्बल और अपने पहने हुए कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए थे। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से तालाब से सब्बल और कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए गए।
पुलिस ने इस मामले में सोमनाथ उर्फ लालू यादव (22) और राहुल कुर्रे (22), दोनों निवासी ग्राम डूमर, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह शराब के दौरान हुआ आपसी विवाद सामने आया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *