भगवान श्रीकृष्ण की गाथा ने एक बार फिर सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीत लिया है। सिद्धार्थ गुप्ता स्टारर फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ 8 मई को रिलीज हुई और इसे बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रतिक्रिया मिल रही है। दर्शकों का कृष्ण की कहानी से गहरा भावनात्मक जुड़ाव फिल्म की सफलता का मुख्य कारण बनकर उभरा है।
फिल्म की कमाई की बात करें तो 7 मई, गुरुवार को रखे गए पेड प्रीव्यू शोज से ही फिल्म ने अपनी पकड़ बनानी शुरू कर दी थी। प्रीव्यू के दौरान फिल्म ने 40 लाख रुपये का कलेक्शन किया। 8 मई को आधिकारिक रिलीज के पहले दिन इसकी कमाई में बड़ा उछाल देखा गया। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। कुल 1,549 शोज के साथ फिल्म का अब तक का कुल कलेक्शन 1.88 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
यह आंकड़े इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि फिल्म में कोई बड़ा बॉलीवुड सुपरस्टार नहीं है। इसके बावजूद हार्दिक गज्जर के निर्देशन में बनी इस भक्ति फिल्म को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण साजन राज कुरुप और शोभा संत के बैनर तले किया गया है। इसमें सिद्धार्थ गुप्ता के साथ संस्कृति जयना और सुष्मिता भट मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं।
बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का मुकाबला पहले से मौजूद बड़े बजट की फिल्मों से है। जहां अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ और रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ पहले से मैदान में हैं, वहीं इस फिल्म की टक्कर कपिल शर्मा की नई रिलीज ‘दादी की शादी’ से भी हो रही है। ‘दादी की शादी’ ने दो दिनों में 1.57 करोड़ का कलेक्शन किया है, जबकि ‘कृष्णावतारम’ ने अपने शुरुआती प्रदर्शन से सबको चौंका दिया है।