पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बुधवार को राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर नवनिर्वाचित विधायकों की सूची वाली गजट अधिसूचना सौंप दी है। चुनाव आयोग की ओर से यह एक वैधानिक प्रक्रिया है, जिसके बाद अब नई विधानसभा के गठन और सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा में अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि फालता सीट के शेष चुनाव को छोड़कर राज्य में आयोग की भूमिका अब पूरी हो चुकी है।
चुनाव नतीजों में बीजेपी ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस को केवल 80 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है। इस हार के साथ ही राज्य में टीएमसी का 15 साल का शासन खत्म हो गया है। अधिसूचना मिलने के बाद अब राजभवन अगली संवैधानिक कार्रवाई शुरू करेगा। हालांकि, निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अब तक राज्यपाल को अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है।