कोलकाता।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने सबको चौंका दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 294 में से 207 सीटें हासिल कर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया है। टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई है। इस बड़ी उलटफेर की मुख्य वजह महिलाओं का वोट बैंक माना जा रहा है, जिन्होंने टीएमसी की लक्ष्मी भंडार योजना के मुकाबले बीजेपी की अन्नपूर्णा भंडार योजना पर अधिक भरोसा जताया।
बीजेपी ने अपनी अन्नपूर्णा योजना के तहत महिलाओं को 3,000 रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया था, जो टीएमसी की दी जाने वाली राशि से काफी अधिक थी। इसके अलावा सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा और नौकरियों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के वादे ने भी गेमचेंजर की भूमिका निभाई। संदेशखाली और आरजी कर अस्पताल जैसी घटनाओं के बाद सुरक्षा के मुद्दे पर घिरी ममता सरकार के खिलाफ बीजेपी ने दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड और महिला पुलिस थानों का भरोसा दिलाया। साथ ही संदेशखाली और आरजी कर पीड़िता के परिजनों को टिकट देकर बीजेपी ने भावनात्मक रूप से भी महिला मतदाताओं को अपने पाले में कर लिया।