चंदौली में शराब तस्करों का दुस्साहस: पुलिस को कुचलने की कोशिश, 1.65 करोड़ की खेप बरामद

चंदौली की अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने वाराणसी मार्ग पर एक बड़े अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सटीक मुखबिरी और सर्विलांस इनपुट के आधार पर जब पुलिस ने सिंधीताली पुल के पास घेराबंदी की, तो शराब से लदे ट्रक के चालक ने पकड़े जाने के डर से रफ्तार बढ़ाकर पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए ट्रक को चारों ओर से घेरकर रुकने पर मजबूर कर दिया। ट्रक की सघन तलाशी लेने पर लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 932 पेटियां अंग्रेजी शराब बरामद हुईं, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ पैंसठ लाख रुपये आंकी गई है।

पंजाब से बिहार के रास्ते राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार

मौके से पुलिस ने राजस्थान के राजसमंद निवासी जगदीश लोहार को गिरफ्तार किया है जिसने पूछताछ में बड़े खुलासे किए हैं। आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह पंजाब से कम दाम पर शराब खरीदकर पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य बिहार में ऊंचे मुनाफे पर खपाने जा रहा था। बरामद माल में रॉयल स्टैग, इम्पीरियल ब्लू और किंगफिशर जैसे बड़े ब्रांड की हजारों लीटर शराब शामिल है जो तस्करी के लिए विशेष रूप से पैक की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आबकारी अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े नामों की तलाश के लिए जाल बिछाया जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *