महाराष्ट्र में स्वयंभू बाबाओं के पाप का घड़ा एक बार फिर भर गया है। नासिक जिले के निफाड तालुका में महेशगिरी उर्फ महेश दिलीप काकडे नामक ढोंगी बाबा ने आध्यात्मिक उपचार के नाम पर एक 28 वर्षीय युवती की मर्यादा तार-तार कर दी। पीड़िता अपनी मानसिक और पारिवारिक परेशानियों का समाधान खोजने इस दरिंदे के पास पहुंची थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने युवती को डराया कि उस पर ‘भूतबाधा’ का साया है और उसे ठीक करने के लिए हर गुरुवार पूजा में आना होगा। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता को अश्लील मैसेज भेजकर जाल में फंसाना शुरू कर दिया।
रुद्राक्ष की माला दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
वारदात की शुरुआत तब हुई जब 23 अगस्त 2024 को इस पाखंडी बाबा ने पीड़िता को पंचवटी बुलाकर जबरन अपनी कार में बिठाया और त्र्यंबकेश्वर रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहां उसने अपने गले में पहनी रुद्राक्ष की माला दिखाकर दावा किया कि उसके पास असीम दैवीय शक्तियां हैं और युवती उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी। डरा-धमकाकर उसने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसकी नग्न तस्वीरें भी खींच लीं। जब पीड़िता ने पुलिस के पास जाने की हिम्मत जुटाई, तो आरोपी ने खुद को खूंखार अपराधी बताते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और साक्ष्य मिटाने के लिए युवती का फोन छीनकर सभी फोटो और मैसेज डिलीट कर दिए।
अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की मदद से सलाखों के पीछे पहुंचा दरिंदा
लगातार शोषण और मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत दिखाई और अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (अंनिस) से संपर्क किया। समिति के कार्यकर्ताओं के सहयोग से मामला लासलगाव पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महाराष्ट्र में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने समाज में आस्था के नाम पर चल रहे घिनौने खेल को बेनकाब कर दिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस ढोंगी बाबा ने और भी महिलाओं को अपनी दैवीय शक्तियों का खौफ दिखाकर अपनी हवस की भेंट चढ़ाया है।