-सुभाष मिश्र
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच जिस तरह के बयान और फैसले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सामने आ रहे हैं, उन्होंने न केवल कूटनीतिक हलकों को बल्कि पूरी दुनिया को असमंजस और चिंता में डाल दिया है। युद्ध जैसे गंभीर और संवेदनशील समय में नेतृत्व से अपेक्षा होती है स्थिरता, स्पष्टता और दूरदृष्टि की, लेकिन हालिया घटनाक्रम एक अलग ही तस्वीर पेश करते हैं जहां निर्णयों में जल्दबाज़ी, बयानों में असंगति और रणनीति में अनिश्चितता झलकती है।
मीडिया और विश्लेषकों का एक बड़ा वर्ग अब यह सवाल उठाने लगा है कि क्या यह केवल आक्रामक रणनीति है या फिर नेतृत्व स्तर पर अस्थिरता का संकेत। युद्ध के बीच सैन्य अधिकारियों को हटाना, जनरलों की छुट्टी करना, विरोधाभासी बयान देना, और एक ही समय में जीत के दावे करना ये सब ऐसे संकेत हैं जो किसी भी वैश्विक शक्ति की विश्वसनीयता को प्रभावित करते हैं। जब अमेरिका जैसे देश का राष्ट्रपति लगातार अपने ही कथनों से पीछे हटता या उन्हें बदलता नजर आता है तो इससे सहयोगी देशों के बीच भी असमंजस पैदा होता है।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि अमेरिका की पारंपरिक छवि एक स्थिर, निर्णायक और जिम्मेदार वैश्विक शक्ति—धीरे-धीरे धूमिल होती दिख रही है। कभी दुनिया को दिशा देने वाला देश आज खुद अपने निर्णयों के कारण सवालों के घेरे में है। यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह चर्चा तेज हो गई है कि अमेरिका की सुपरपावर वाली स्थिति अब पहले जैसी निर्विवाद नहीं रही।
ट्रंप के नेतृत्व को लेकर जो मनोवैज्ञानिक और राजनीतिक विश्लेषण सामने आ रहे हैं, वे भी इस चिंता को और गहरा करते हैं। उनके व्यक्तित्व को लेकर यह धारणा बनती जा रही है कि वे प्रशंसा के प्रति अधिक संवेदनशील हैं, आलोचना को सहजता से स्वीकार नहीं करते और निर्णयों में व्यक्तिगत भावनाओं का असर अधिक होता है। अतीत में उच्च पदों पर बैठे कई अधिकारियों चाहे वे एफबीआई से जुड़े हों या रक्षा और विदेश नीति से-को हटाने की उनकी शैली इस धारणा को मजबूत करती है।
युद्ध के इस दौर में जब ईरान, इजऱाइल और अमेरिका के बीच टकराव एक बड़े क्षेत्रीय या संभावित वैश्विक संकट का रूप ले सकता है, ऐसे में नेतृत्व की यह अनिश्चितता और भी खतरनाक हो जाती है। विरोधाभासी दावे—कभी दुश्मन की हार, कभी अपनी जीत, तो कभी नए मोर्चे खोलने की बातें इन सबके बीच वास्तविक स्थिति क्या है, यह समझना भी कठिन हो जाता है। यही भ्रम वैश्विक बाजारों, कूटनीतिक संबंधों और सामरिक समीकरणों को अस्थिर करता है।
अमेरिका के भीतर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। विरोध प्रदर्शन, राजनीतिक असहमति और जनता के बीच बढ़ती बेचैनी यह संकेत देती है कि यह केवल बाहरी संकट नहीं, बल्कि आंतरिक असंतुलन का भी मुद्दा बन चुका है। जब किसी लोकतांत्रिक देश के नागरिक ही अपने नेतृत्व के फैसलों को लेकर आशंकित हो जाएं तो यह स्थिति और गंभीर हो जाती है।
इस पूरे परिदृश्य में सबसे बड़ा खतरा यह है कि व्यक्तिगत नेतृत्व शैली कहीं वैश्विक संकट को और न बढ़ा दे। मिडिल ईस्ट पहले ही एक ज्वलनशील क्षेत्र है, जहां छोटी सी चिंगारी भी बड़े युद्ध का रूप ले सकती है। ऐसे में अगर निर्णय संतुलित और सोच-समझकर न लिए जाएं तो तीसरे विश्व युद्ध जैसी आशंकाएं केवल कल्पना नहीं रह जाएंगी।
कुल मिलाकर यह समय केवल सैन्य शक्ति के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि जिम्मेदार नेतृत्व की परीक्षा का है। अमेरिका जैसे देश से दुनिया को स्थिरता, संयम और कूटनीतिक समाधान की अपेक्षा होती है। लेकिन अगर नेतृत्व ही अस्थिर नजर आए तो इसका असर केवल एक देश तक सीमित नहीं रहता—पूरी दुनिया इसकी कीमत चुकाती है। आज जरूरत है कि शक्ति के साथ-साथ विवेक का भी प्रदर्शन हो, क्योंकि युद्ध जितना मैदान में लड़ा जाता है, उतना ही नेतृत्व की सोच और निर्णयों में भी तय होता।